नई दिल्ली:– आजमगढ़ जिले में भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े म्यूजिकल शो में पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर म्यूजिक कलाकार दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर से एडवांस और आयोजन खर्च के नाम पर रकम वसूली गई। बाद में जब पीड़ित ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो मैनेजर ने किसी भी तरह की बुकिंग से साफ इनकार कर दिया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह के अनुसार, अमेठी के गाजनपुर निवासी दिव्यांश सिंह लखनऊ में म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना से हुई, जहां बड़े स्तर पर शो आयोजित करने और उसमें पवन सिंह को बुलाने की योजना बनी।
दिव्यांश ने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया, जिसने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का पवन सिंह से सीधा संपर्क है। आरोपियों ने 31 दिसंबर 2024 को शो की तारीख तय करते हुए कुल खर्च 14 लाख रुपये बताया।
पीड़ित के मुताबिक, भरोसा दिलाकर नौ लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर करीब पांच लाख एक हजार रुपये और ले लिए गए।
कुछ समय बाद जब बुकिंग की पुष्टि के लिए पवन सिंह की टीम से संपर्क किया गया तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए और वे संपर्क से बाहर हो गए।
शिकायत के आधार पर अतरौलिया थाना पुलिस ने निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।













