मुंबई:- व्हेल जब जिंदा होती है उस वक्त तो सभी को उसके पास जाने से डर लगता है लेकिन जब वो मर जाती है उस वक्त उससे किसी को डर नहीं लगता, लेकिन क्या आप जानते हैं कि मरने के बाद ही व्हेल सबसे खतरनाक होती है.
व्हेल के मरने के बाद समुद्र की लहरों के जरिए उसका शरीर समुद्र के किनारे आ जाता है. ऐसे में कई लोग जिन्होंने व्हेल नहीं देखी है उन्हें उसे देखने का मौका मिल जाता है और वो उसके पास चले जाते हैं.
इस बात से बहुत कम लोग वाकिफ होते हैं कि जिंदा व्हेल से ज्यादा खतरा उन्हें मरी हुई व्हेल से होता है. दरअसल मरी हुई व्हेल के शरीर में कभी भी विस्फोट हो सकता है जिसके चलते वो हमेशा इंसानों के लिए खतरा बनी रहती हैं.
अब आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि आखिर मरी हुई व्हेल के शरीर में विस्फोट क्यों होता है, तो बता दें कि जीवों के मरने के बाद उनके शरीर के अंदरूनी हिस्सों को बैक्टीरिया खाना शुरू कर देते हैं.
इस कारण उनके शरीर में कई तरह की गैस बनने लगती है, उन्हीं गैसों की वजह से उनका शरीर फूलने लगता है. ये प्रक्रिया व्हेल के शरीर में बड़ी मात्रा में होती है, लेकिन उसके शरीर की बाहर परत बहुत मजबूत होती है जिसके चलते उसके शरीर से गैस निकल नहीं पाती और ज्यादा गैस बनने पर वो फट जाती है
व्हेल का शरीर न फटे इसलिए कई बार उसके शरीर को काट दिया जाता है. हालांकि कई बार काटते समय भी उसका शरीर फट जाता है और उसका मांस बाहर आकर कई मीटर दूर तक फैल जाता है. इसलिए उसके शरीर को काटते समय भी कई चीजों का ध्यान रखा जाता है. वहीं व्हेल के मृत शरीर में बनने वाली गैस भी इंसानों को नुकसान पहुंचा सकती है।




