नई दिल्ली : हड्डियों की मजबूती के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम वाली चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है। कैल्शियम हड्डियों को मजबूती देने और इसके घनत्व को बढ़ाने के लिए जरूरी होता है। हड्डियों को मजबूत बनाने के अलावा कैल्शियम और भी बहुत कुछ करता है। यह हमारी मांसपेशियों, हृदय और तंत्रिकाओं को ठीक से काम करने के लिए भी जरूरी है। यदि आपको आहार में पर्याप्त कैल्शियम नहीं मिलता है, तो हमारा शरीर हड्डियों से इसकी पूर्ति करना शुरू कर देता है, जिससे उनमें कमजोरी आने और हड्डियों से संबंधित कई प्रकार की अन्य बीमारियों के विकसित होने का खतरा हो सकता है।
क्या आप पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम लेते हैं फिर भी हड्डियों से संबंधित समस्या बनी रहती है? ये संकेत हो सकता है कि आपमें विटामिन-डी की कमी हो सकती है। यहां ध्यान देना जरूरी है कि विटामिन-डी की कमी की स्थिति में शरीर में कैल्शियम का ठीक से अवशोषण नहीं हो पाता है और इससे लाभ नहीं मिल पाता।
हड्डियों के लिए विटामिन-डी और कैल्शियम जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, मजबूत और स्वस्थ हड्डियों के लिए जरूरी है कि आपका आहार ठीक हो। आहार में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम के साथ विटामिन-डी वाली चीजों को जरूर शामिल किया जाना चाहिए। इन दोनों पोषक तत्वों के संयोजन से ही हड्डियों की मजबूती को बढ़ाया जा सकता है।
विटामिन-डी की मदद से कैल्शियम छोटी आंत से सक्रिय रूप से अवशोषित होता है। कैल्शियम और फास्फोरस हड्डियों को खनिज बनाने और मजबूत करने के लिए हाइड्रॉक्सीपैटाइट क्रिस्टल बनाते हैं। इस प्रकार, हड्डियों के उचित खनिजकरण के लिए विटामिन-डी और कैल्शियम दोनों से युक्त आहार महत्वपूर्ण है।
विटामिन-डी की कमी से बढ़ सकती है समस्या
विटामिन-डी हड्डियों के लिए बहुत आवश्यक माना जाता है। शोध से पता चला है कि लंबे समय तक शरीर में विटामिन-डी की कमी बने रहने से हड्डियों का विघटन शुरू हो सकता है। विटामिन-डी की कमी से कैल्शियम का अवशोषण भी प्रभावित होने लगता है। शोधकर्ता बताते हैं, कैल्शियम से हड्डियों की मजबूती को बनाए रखने और शरीर में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम के अवशोषण के लिए जरूरी है कि आहार के माध्यम से आप विटामिन-डी भी लेते रहें।
प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त करें ये पोषक तत्व
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हड्डियों की मजबूती के लिए जरूरी है कि आप आहार पर विशेष ध्यान दें। कैल्शियम और विटामिन-डी के साथ अन्य आवश्यक पोषक तत्व और मिनरल्स प्राप्त करना भी जरूरी है। अध्ययनकर्ता बताते हैं, विटामिन्स के सप्लीमेंट लेने की जगह इसे प्राकृतिक रूप से प्राप्त करना जरूरी होता है। कई प्रकार की सब्जियों, फलों और अन्य खाद्य पदार्थो से कैल्शियम और विटामिन-डी आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इन चीजों का करें सेवन
विटामिन-डी से भरपूर कुछ खाद्य पदार्थों में मशरूम, संतरे के जूस, अंडे की जर्दी, पनीर, टोफू और दही का सेवन किया जा सकता है। इसके अलावा आप दूध, पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद, हरी पत्तेदार सब्जियां, सोया ड्रिंक आदि का सेवन कर सकते हैं। आहार में इन चीजों का सामंजस्य बनाएं। डेयरी उत्पादों को हड्डियों के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है, इसके सेवन से शरीर को और भी कई प्रकार के लाभ मिल सकते हैं।













