नई दिल्ली:– महाराष्ट्र से चेन्नई घूमने गए छात्रों के एक दल के लिए पिकनिक का आनंद उस समय मातम में बदल गया, जब समुद्र की लहरों ने उनके दो साथियों को अपनी चपेट में ले लिया। शनिवार को चेन्नई के गोल्डन बीच पर हुई इस हृदयविदारक घटना में महाराष्ट्र की एक छात्रा की डूबने से मौत हो गई है, जबकि एक अन्य छात्र अब भी लापता बताया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से 26 छात्रों का एक समूह तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के दौरे पर गया था। शनिवार को यह समूह समुद्र तट का आनंद लेने पहुंचा। अधिकारियों के मुताबिक, समूह के केवल तीन छात्र समुद्र के पानी में उतरे थे। इसी दौरान समुद्र की एक शक्तिशाली लहर ने उन्हें अपनी ओर खींच लिया। इस हादसे में भंडारा जिले की रहने वाली मयूरी चौधरी की डूबने से दुखद मृत्यु हो गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जैसे ही यह हादसा हुआ, स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि समूह के एक छात्र, राज केदारी, को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, जय पाटिल नामक छात्र का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और उसकी तलाश के लिए गहन खोज अभियान जारी है। जय पाटिल के परिजन चेन्नई पहुँच चुके हैं, जबकि मयूरी चौधरी के रिश्तेदार भी चेन्नई और नागपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
सीएम फडणवीस ने तमिलनाडु प्रशासन से की ये अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस पूरी स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि घटना की खबर मिलते ही उन्होंने तुरंत तमिलनाडु सरकार से संपर्क साधा। सीएम फडणवीस ने तमिलनाडु प्रशासन से अपील की है कि वे लापता छात्र की तलाश और बचाव कार्य (Research and Rescue work) में तेजी लाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करें।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के बयान के अनुसार, फडणवीस स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और महाराष्ट्र का राज्य प्रशासन प्रभावित परिवारों के निरंतर संपर्क में है। फडणवीस ने मयूरी चौधरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये छात्र किस विशेष शैक्षणिक संस्थान से जुड़े थे, लेकिन प्रशासन सभी आवश्यक जानकारी जुटाने और पीड़ित परिवारों को मदद पहुंचाने में जुटा है।












