नई दिल्ली:– अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अमेरिका एक बार फिर ऊर्जा क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी देते हुए बताया कि टेक्सास के ब्राउन्सविले में पिछले 50 साल में पहली बार नई ऑयल रिफाइनरी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह करीब 300 बिलियन डॉलर की ऐतिहासिक डील है, जिसे अमेरिका के इतिहास की सबसे बड़ी ऊर्जा निवेश परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में भारत की बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस भी अहम भागीदार है।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि यह निवेश अमेरिका फर्स्ट नीति, आसान परमिट प्रक्रिया और टैक्स में कमी जैसे फैसलों का नतीजा है, जिसकी वजह से दुनिया भर की कंपनियां अमेरिका में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं। उनके अनुसार ब्राउन्सविले पोर्ट पर बनने वाली यह रिफाइनरी अमेरिकी बाजार को ऊर्जा उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी और देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह रिफाइनरी दुनिया की सबसे स्वच्छ और आधुनिक रिफाइनरियों में से एक होगी। इससे अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि होगी और वैश्विक निर्यात को भी मजबूती मिलेगी। इस परियोजना से साउथ टेक्सास क्षेत्र में हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। ट्रंप ने इसे अमेरिकी ऊर्जा प्रभुत्व की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि अमेरिका एक बार फिर वैश्विक ऊर्जा बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है।













