छत्तीसगढ़ :– राजनीति में 29 और 30 अप्रैल को अहम घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। राज्य सरकार ने 29 अप्रैल को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक बुलाने का फैसला किया है, जो राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है, जिनका सीधा असर राज्य की नीतियों और योजनाओं पर पड़ेगा।
विशेष सत्र से पहले रणनीति तय
कैबिनेट बैठक के ठीक अगले दिन यानी 30 अप्रैल को छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र को लेकर सरकार पहले से ही तैयारी में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में विशेष सत्र का एजेंडा और रणनीति तय की जाएगी, ताकि सदन में सरकार मजबूती के साथ अपनी बात रख सके।
‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक पर नजर
सूत्रों के अनुसार, विशेष सत्र के दौरान ‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक पर चर्चा हो सकती है। ऐसे में 29 अप्रैल की कैबिनेट बैठक में इस बिल को लेकर भी विस्तृत मंथन होने की संभावना जताई जा रही है। सरकार इस विधेयक के समर्थन और राजनीतिक प्रभाव को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर सकती है, जिससे आने वाले समय में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।
राजनीतिक रूप से अहम दो दिन
29 अप्रैल की कैबिनेट बैठक और 30 अप्रैल का विशेष सत्र दोनों ही राज्य की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इन बैठकों में लिए गए फैसले आगामी राजनीतिक दिशा तय कर सकते हैं।













