छत्तीसगढ़ :– लोकल ट्रेनों के रद्द होने से जूझ रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कुछ प्रमुख लोकल ट्रेनों को फिर से बहाल करने का फैसला लिया है। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो पिछले कुछ दिनों से भारी परेशानी का सामना कर रहे थे। दरअसल, रायपुर मंडल के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में मेंटेनेंस कार्य के चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं। इसके चलते दैनिक यात्रियों को मजबूरी में एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा था, जिससे जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ देखने को मिल रही थी। स्थानीय मीडिया में इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और ट्रेनों की बहाली का निर्णय लिया।
गोंदिया रूट पर MEMU सेवा फिर शुरू
यात्रियों की बढ़ती दिक्कतों को देखते हुए रेलवे ने गोंदिया-झारसुगुड़ा MEMU ट्रेन को भी 6 मई से फिर से शुरू कर दिया है। यह ट्रेन अब अपने निर्धारित समय के अनुसार गोंदिया से झारसुगुड़ा के बीच संचालित होगी। गौरतलब है कि इस रूट पर करीब 10 लोकल ट्रेनें रद्द होने से एक्सप्रेस ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव काफी बढ़ गया था। MEMU सेवा बहाल होने से अब इस दबाव में कमी आने की उम्मीद है।
इन ट्रेनों को किया गया बहाल (6 मई से)
गाड़ी संख्या 68728 – रायपुर से बिलासपुर MEMU पैसेंजर
गाड़ी संख्या 68734 – बिलासपुर से गेवरा रोड MEMU पैसेंजर
गाड़ी संख्या 68733 – गेवरा रोड से बिलासपुर MEMU पैसेंजर
गाड़ी संख्या 68719 – बिलासपुर से रायपुर MEMU पैसेंजर
गाड़ी संख्या 68861 – गोंदिया से झारसुगुड़ा MEMU
गाड़ी संख्या 68862 – झारसुगुड़ा से गोंदिया MEMU
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
लोकल ट्रेनों की बहाली से अब दैनिक यात्रियों को समय पर और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। साथ ही, एक्सप्रेस ट्रेनों के जनरल डिब्बों में भीड़ कम होने की संभावना है, जिससे सफर अधिक आरामदायक हो सकेगा। रेलवे के इस फैसले से रायपुर, बिलासपुर, गेवरा रोड और गोंदिया रूट के हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।












