बिलासपुर :– 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। 3 से 6 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ी बेसबॉल, तैराकी और वॉटर पोलो की विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाएंगे। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 6 सितंबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला प्रशासन बिलासपुर के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें राज्यभर से स्कूली विद्यार्थी शामिल होकर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन पुलिस ग्राउंड सहित निर्धारित खेल स्थलों पर किया जा रहा है।प्रतियोगिता के तहत बेसबॉल में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका, तैराकी में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका तथा वॉटर पोलो में 19 वर्ष बालक वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इन खेलों के माध्यम से स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा सामने लाने के साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा ऊर्जा विकास अभिकरण निगम रायपुर के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
5मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खिलाड़ियों को खेल भावना और सेवा भाव के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। इस दौरान अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।







