छत्तीसगढ़:- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और राज्य सरकार की पहल से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन की सरकार का प्रयास है कि शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की सोच है कि शहर केवल आबादी के केंद्र न रहें, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के केंद्र बनें। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से मुख्य सड़कों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। राज्य के छोटे-बड़े सभी शहरों में विकास की समान गति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। रिसाली नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास भी इसी व्यापक प्रयास का हिस्सा है।
रिसाली में 101 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने कहा कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। इसी प्रकार डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। मैत्री नगर में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य किए जाएंगे।
इसी प्रकार तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में लगभग 98 लाख रुपए से अधिक की लागत से विकास कार्य होंगे। डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपए की लागत से विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है। इन विकास कार्यों से रिसाली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
रिसाली के लिए मुख्यमंत्री ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर द्वारा रखी गई मांगों पर रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपए, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपए तथा नेवई और जोरातराई में मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपए की घोषणा की।





