छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और समावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा रहा है। वहीं बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलताओं से शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण निर्मित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संपदा से समृद्ध रत्नगर्भा भूमि है। राज्य सरकार इस संपदा से प्राप्त राजस्व का उपयोग जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों के सृजन के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्धि का वास्तविक अर्थ तभी है, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने किया रुद्राक्ष का पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने पुष्प वाटिका में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग भी की गई।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं सभापति श्री हरमिंदर टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।





