तोपचंद। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहे। उन्होंने सुकमा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को गिनाए।
खड़गे ने कहा कि, मैं आपसे सिर्फ वोट मांगने ही नहीं आया हूं, हमें चुनाव जीतना है, लेकिन सबसे ज्यादा जरूरी संविधान को बचाना है और समाज को बचाना है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में जो वादे किए थे, चाहे वो एमएसपी बढ़ाने का हो या राजीव गांधी न्याय योजना के तहत किसानों के खातों में पैसे पहुंचाने का हो उसे पूरा किया है। भाजपा के शासन काल में अमीर और अमीर हो रहा है, गरीब और गरीब होता गया। लेकिन कांग्रेस ने आम लोगों के लिए काम किया है, इसलिए हम आप से वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस के लोगों ने देश के लिए अपनी जान दी है।
खड़गे ने कहा कि, नेहरू-गांधी के उसूलों पर चलकर देश को आजाद कराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने देश के लिए कुछ नहीं किया और बार-बार सवाल पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। एक समय देश में स्कूल नहीं थे, हास्पिटल नहीं थे, बैंक नहीं थे, व्यापार नहीं था। देश को बनाने का काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने मनरेगा जैसी योजना देने का काम किया है। हमने खाद्य सुरक्षा कानून बनाया। नेहरू जी और डॉ अंबेडकर ने मिलकर संविधान बनाया, जिसमें सबको वोट देने का अधिकार दिया।











