भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को विधायकी का टिकट तो नहीं दिया, लेकिन अब प्रदेश कांग्रेस का महासचिव की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने शुक्रवार को पत्र जारी कर निशा बांगरे को महासचिव नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर की गई है। निशा को दी गई इस बड़ी जिम्मेदारी के बाद उम्मीद की जा रही है कि पार्टी जल्द ही उन्हें इस विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए इस्तेमाल करेगी और उन्हें राज्य भर की अलग-अलग विधानसभाओं में प्रचार के लिए भेज सकती है। निशा ने इसके लिए खुद को तैयार भी कर लिया है।
अब तक वह भोपाल में रहकर अपने लिए नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रही थीं। निशा ने 20 जून को डिप्टी कलेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसी संभावना थी कि कांग्रेस उन्हें बैतूल की आमला सुरक्षित विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बनाएगी, लेकिन उनके इस्तीफे की स्वीकृति से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने मनोज मालवे को अपना उम्मीदवार बनाया था।