जबलपुर : जबलपुर में लोन न चुकाने वाली महिला बैंक नोटिस से परेशान होकर धुआंधार में कूद गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे 600 मीटर दूर से निकाल लिया। महिला बैंक कार्रवाई से डर रही थी।
जबलपुर में धुआंधार में कूदी महिला को गोताखोरों ने बमुश्किल बचाया।
मध्यप्रदेश के जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बैंक ने लोन बसूली के लिए नोटिस भेजा तो महिला ने धुआंधार फॉल से नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। महिला नर्मदा के तेज उफान में लगभग 600 मीटर तक बहती गई। जिसके बाद गोताखोरों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार गढ़ा थानांतर्गत निवासी 40 वर्षीय ज्योति सोनी ने मकान बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था। बैंक का लोन नहीं चुकाने के कारण उसे बार-बार नोटिस प्राप्त हो रहे थे। जिसमें कार्रवाई की चेतवानी दी गई थी। इसके कारण महिला ने आत्महत्या करने के लिए धुआंधार फॉल से नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। महिला तेज बहाव के साथ लगभग 600 मीटर तक बहती गई।
महिला को बहता देख आरक्षक हरिओम वैश्य की टीम ने बचाव अभियान चलाया। कुछ गोताखोर महिला को बचाने नदी में कूद गए तो कुछ रस्सी लेकर किनारे पर दौड़ लगाने लगे। टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला के बेटे शिवा सोनी ने बताया कि उनकी गढ़ा थाना के समीम कपड़े की दुकान है। मकान के संबंध में बैंक से नोटिस प्राप्त हो रहे थे। फिलहाल वह अपने भाई के घर गई हुई है। भेड़ाघाट थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसे काउसिंलिग के लिए गढ़ा थाने भिजवा दिया गया था।