
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कांग्रेस पार्षद कोमल सेना के खिलाफ FIR की मांग को लेकर नगर बंद करवाने निकले भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लगभग 200 से ज्यादा BJP कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जिले के अलग-अलग थाना में ले जाया गया है।
पूर्व मंत्री केदार कश्यप, किरणदेव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष रूप सिंह मंडावी और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव समेत कई दिग्गज कार्यकर्ताओं की भी गिरफ्तारी की गई है। थानों में ही भाजपा के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लग गए हैं।
दरअसल, मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे भाजपा के कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग जगह इकट्ठा होना शुरू हुए थे। जब घरों से निकल कर कुछ कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे तो उन्हें घर के सामने से ही उठा लिया गया है।
पुलिस की करीब 2 से 3 बसों में कार्यकर्ताओं को बिठा कर बड़ाजी, नगरनार , परपा और लोहंडीगुड़ा थाना में लाया गया है।भाजपा नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई को गुंडाराज बताया है। भाजपाइयों ने कहा कि, सरकार के इशारे में पुलिस कार्रवाई कर रही है।