
.
बिलासपुर। महिला की लाश कुएं में संदिग्ध हालत में मिली है। उसके दोनों पैर कपड़े की रस्सी से बंधे थे। ऐसे में उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंकने की आशंका है। इधर, परिजनों का कहना है कि रात 9 बजे खाना खाने के बाद सभी सो गए। फिर क्या हुआ उन्हें नहीं मालूम। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत दलदली में रहने वाली शांति बाई टंडन (46) शुक्रवार की सुबह अपने घर से गायब थी। इस पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। उसके पति द्वारिका टंडन और दो बेटे केसकुमार व स्वप्निल आसपास उसकी तलाश कर रहे थे। तभी सुबह करीब 100 बजे उसकी लाश पास ही स्थित स्टॉप डेम के पास कुएं में मिली। परिजन ने इस घटना की सूचना मस्तूरी थाने में दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कुएं से बाहर निकालने पर पता चला कि महिला के दोनों पैर में कपड़े की रस्सी बंधी थी। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम की मदद भी ली है।
दलदली गांव मस्तूरी थाने से महज एक किलोमीटर दूर है। द्वारिका के घर से कुछ दूर स्टॉप डेम है। TI प्रकाश कांत ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में द्वारिका व उसके बेटे केस कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात 9 बजे सभी परिजन खाना खाने के बाद आग ताप रहे थे। फिर रात में उनकी मां कमरे में जाकर सो गई। इसके बाद सभी परिजन भी सो गए थे। सुबह नींद खुलने पर पता चला कि मां गायब है। इसके बाद उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच ग्रामीणों ने उनके शव को कुएं में देखा।
कुएं में महिला की लाश मिलने की खबर के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मानसिक रूप से बीमार थी महिला
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने यह भी बताया कि शांति बाई की तबीयत पिछले 8-9 माह से खराब चल रही थी। वह मानसिक रूप से बीमार थी। इसके चलते उसका सेंदरी स्थित मेंटल अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। लेकिन, पुलिस को यह बात हजम नहीं हो रही है। मानसिक रूप से बीमार महिला अपने पैर को बांध कर कुएं में कैसे कूद सकती है।
PM रिपोर्ट आने के बाद खुलेगा मौत का राज
TI प्रकाश कांत ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में परिजन ने महिला के मानसिक बीमार होने की बात कही है। जिस परिस्थिति में लाश मिली है। इससे मामला संदेहास्पद है। लेकिन, शव का PM रिपोर्ट आने के बाद ही महिला के मौत के कारणों का पता चल सकेगा।