छत्तीसगढ़ :– राज्यसभा की दो रिक्त सीटों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि उम्मीदवार 5 मार्च तक अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए एक सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। भाजपा की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, सरोज पांडे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के नाम शामिल हैं।
जातिगत समीकरण पर विशेष ध्यान
पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए पैनल तैयार करते समय सामाजिक और जातिगत संतुलन को प्राथमिकता दी है। एससी वर्ग से नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी और किरण बघेल को शामिल किया गया है। सामान्य वर्ग से गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव और सरोज पांडे को जगह मिली है, जबकि ओबीसी वर्ग से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का नाम प्रस्तावित किया गया है। इससे साफ है कि भाजपा ने सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति अपनाई है।
कांग्रेस में विचार-विमर्श जारी
कांग्रेस खेमे में संभावित उम्मीदवारों को लेकर गहन विचार-विमर्श जारी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी सामाजिक संतुलन, आदिवासी नेतृत्व और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय ले सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार प्रदेश नेतृत्व को प्राथमिकता दी जा सकती है।












