नई दिल्ली : प्रतिवर्ष 20 मार्च को ओरल हेल्थ डे मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों को ओरल हेल्थ और ओरल हाइजीन के प्रति जागरूक करना है। आजकल ओरल हेल्थ आम समस्या हो गई है। मुंह की सफाई, दांतों की मजबूती और चमक के लिए लोगों को प्रेरित किया जाता है। दांतों की मजबूती और चमक बरकरार रखना मुश्किल काम नहीं लेकिन जानें-अनजाने की गई कुछ गलतियों के कारण दांत कमजोर हो जाते हैं और दांतों में पीलापन नजर आने लगता है। यहां ऐसी गलत आदतों के बारे में बताया जा रहा है, जिसे छोड़ दिया तो दांत मजबूत और चमकदार बन जाएंगे।
ब्रश करने का गलत तरीका
अधिकतर लोगों को लगता है कि ब्रश को दांतों पर तेजी से रगड़ने से दांत अच्छे से साफ होते हैं। लेकिन जोर से ब्रश करने से फायदा नहीं, बल्कि दांतों को नुकसान होता है। गलत तरीके से ब्रश करने से इनेमल को नुकसान होने के साथ कैविटी के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है और मसूड़े संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। जोर से ब्रश करने से ठंडी और गर्म चीजों के सेवन से सेंसिटिविटी बढ़ सकती है। वहीं दांतों को दिन में दो बार ब्रश करना भी बहुत जरूरी है।
चीनी की मात्रा
दांतों की सेहत को चीनी नुकसान पहुंचा सकती है। इसके सेवन से मुंह में एसिड पैदा करने वाले बैक्टीरिया बढ़ते हैं। जेली कैंडी जैसी चिपचिपी मिठाइयां दांतों के लिए नुकसानदायक होती हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, खट्टी कैंडी में कई तरह के एसिड होते हैं जो दांतों में सड़न पैदा करने के साथ ही दांतों की ऊपरी परत को नष्ट करने लगते हैं।
बिना कुल्ला किए सोना
कुछ लोगों को बेड टाइम पर चाय या कॉफी पीने की आदत होती है। इसके अलावा रात में आइसक्रीम, स्वीट या दूध पीकर सोते हैं। लेकिन खाने पीने के बाद कुल्ला न करना और ऐसे ही सो जाना दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कीटाणु मुंह में फैल कर दांतों को कमजोर बनाते हैं और दुर्गंध का कारण बनते हैं। इसलिए रात में सोने से पहले ब्रश या कुल्ला करें। ब्रश के बाद कुछ न खाएं।
नाखून चबाना
नर्वस होने पर लोगों की आदत होती है कि वह दांतों से नाखून चबाते हैं। इससे आपका मुंह बैक्टीरिया के संपर्क में आता है। ये बैक्टीरिया आपके दांतों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए नाखून चबाने की आदत कम करें ताकि ओरल हेल्थ को बेहतर बनाए रख सकें।
दांतों का टूल की तरह इस्तेमाल
अक्सर हम अपने दांतों का उपयोग किसी टूल की तरह करते हैं, जैसे बोतल खोलने, पैकेट फाड़ने, प्राइज टैग हटाने आदि के लिए दांतों का इस्तेमाल करते हैं। इससे दांत और जबड़े में चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है। दांतों की सेहत को बनाए रखने के लिए बोतल ओपनर और कैंची का उपयोग करें, न कि दांत का।













