छत्तीसगढ़ :– आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद् की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे नवा रायपुर में होगी, जिसमें राज्य सरकार के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बजट सत्र से पहले हो रही इस कैबिनेट बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगामी बजट से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा:
बैठक में राज्य की वित्तीय स्थिति, विकास योजनाओं और आगामी बजट से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर भी लग सकती है। सरकार के सूत्रों के अनुसार इस बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, नई घोषणाओं की तैयारी और प्रशासनिक फैसलों पर अंतिम रूप दिया जा सकता है। आगामी बजट सत्र की रणनीति तय करने के लिहाज से भी यह बैठक निर्णायक मानी जा रही है।
विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद:
राज्य की नीतिगत दिशा तय करने वाली इस बैठक पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है। कैबिनेट के फैसलों से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि ये बैठक बजट सत्र से पहले आयोजित हो रही है, जिससे इसमें बजट के प्राथमिकताओं और प्रावधानों पर भी विस्तृत चर्चा होने के आसार हैं। इस बजट में सरकार अपनी विकास योजनाओं और गारंटियों को भी अमलीजामा पहनाने के लिए बड़े वित्तीय निर्णय ले सकती है।
विधानसभा सत्र की विभागवार बजट प्रस्तावों की होगी समीक्षा:
सूत्रों के मुताबिक इस बीच नई जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को भी मंजूरी मिलेगी। इसके साथ ही सदन में सरकार की रणनीति पर मंथन और विपक्ष के सवालों के जवाब देगी। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव सहित कैबिनेट के सभी मंत्री शामिल होंगे। मंत्रालय के अनुसार बैठक के बाद फैसलों की जानकारी और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी इस दौरान साझा की जा सकती है।












