दुबई : विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों पर आईपीएल नीलामी में मंगलवार को जम कर पैसा बरसा है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को नीलामी 20.50 करोड़ रुपये मिलने के कुछ देर बाद उनके साथी गेंदबाज मिचेल स्टार्क 24.75 करोड़ रूपये में आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
कोलकाता नाईट राइडर्स ने स्टार्क को 24.75 करोड़ रूपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ में कमिंस को खरीदा है। विश्व कप फ़ाइनल के प्लेयर ऑफ द मैच ट्रेविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ में खरीदा। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों ने इस नीलामी में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं।
स्टार्क पर लगी जबरदस्त बोली
दिल्ली और मुंबई में स्टार्क के लिए जंग शुरू हो गई है। बोली 5 करोड़ के पार पहुंच गई है। दोनों ही टीम रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। स्टार्क 7.20 करोड़ में आखिरकार मुंबई इंडियंस के होने ही वाले थे लेकिन दिल्ली दोबारा से बोली में आई। 9.60 करोड़ में मुंबई के हो ही गए थे स्टार्क। कोलकाता अब बीच में आ कूदी है। गुजरात टाइटंस अब बोली में कूद पड़ी है, मुंबई बाहर। बोली अब 12 करोड़ तक जा पहुंची है और दोनों के पास करीब 31 करोड़ का पर्स है। स्टार्क अब सैम करेन को पछाड़ चुके हैं और अभी तक आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
लेकिन कुछ ही समय में पैट कमिंस का सबसे महंगा खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड टूट गया है और अब इस समय स्टार्क पर बोली 21 करोड़ तक पहुंच गई है। बोली अब 24 करोड़ तक जा पहुंची हैं, दोनों ही हार मानने वाले नहीं हैं और उधर ऑस्ट्रेलिया में स्टार्क के होश उड़ रहे होंगे। 24.75 करोड़ रूपये में कोलकाता के हुए हैं मिचेल स्टार्क। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी।




