नई दिल्ली : चैत्र नवरात्रि के पावन दिन चल रहे हैं। इन नौ दिनों में लोग अलग-अलग दिन माता के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसी मान्यता है कि जो भी लोग सच्चे मन से इन नौ दिनों में माता रानी की पूजा करते हैं, उनकी हर मनोकामना पूरी होती है।
बात करें नवरात्रि के तीसरे दिन की तो इस दिन माता चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। ऐसा कहा जाता है कि मां चंद्रघंटा को दूध और दूध से बने पकवान काफी प्रिय हैं। ऐसे में उन्हें दूध से बने पकवानों का भोग लगाया जाता है।
अगर आप भी चाहते हैं कि माना रानी आपकी हर मनोकामना पूरी करे तो आप मां चंद्रघंटा को केसर पेड़े का भोग लगा सकते हैं। इसका भोग लगाने के बाद आप इसे प्रसाद में भी बांट सकते हैं। वहीं ये फलाहारी होते हैं, तो अगर आप नौ दिन व्रत हैं, तो इसका सेवन भी कर सकते हैं।
केसर पेड़ा बनाने का सामान
थोड़ा सा दूध
खोया
केसर
इलाइची पाउडर
पिसी हुई चीनी
विधि
केसर पेड़ा बनाना काफी आसान है। इसके लिए आपको सबसे पहले एक छोटी कटोरी में दूध लेकर उसमें केसर के धागे डाल दें। इन्हें कुछ देर के लिए ऐसे ही भीगने दें।
इसके बाद इस नॉन स्टिक पैन में 4 कप खोया लेकर उसे थोड़ी देर चलाएं। थोड़ी देर के बाद इसमें पिसी हुई चीनी डालकर तकरीबन 10 मिनट तक पकाएं।
जब ये सही से पक जाए तो इसे एक प्लेट में निकाल कर ठंडा करें। ठंडा होने के बाद इसमें केसर और दूध के मिश्रण के साथ इलायची पाउडर भी एड करें। सभी चीजों को हाथ से अच्छी तरह से मिक्स करें।
इसके बाद इस मिश्रण की मदद से छोटे-छोटे पेड़े बना लें। आप चाहें तो इन पेड़ों में ऊपर से चांदी की वर्क या फिर काजू लगा सकती हैं। अब माता रानी को आप इस केसर पेड़े का भोग लगाएं।













