नई दिल्ली:- पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को स्वीकार किया कि पिछले हफ्ते पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत के साथ हुए संघर्ष में उसके 11 सैन्यकर्मी मारे गए थे. AFP ने पाकिस्तानी सेना के बयान के हवाले से बताया कि चार दिनों तक चली इस तनातनी के दौरान पाकिस्तानी सेना और वायुसेना के 78 कर्मी घायल हुए.
पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को 40 लोगों और 11 सैन्य कर्मियों की मौत की घोषणा की. आर्मी ने यह भी बताया कि इस दौरान 121 अन्य घायल हुए. इससे पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने कहा था कि पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर उनके सटीक हमलों में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की आक्रामकता के खिलाफ उनके बाद की जवाबी कार्रवाई में लगभग 30-40 पाकिस्तानी कर्मी मारे गए.
ड्रोन और मिसाइलों की बौछार
आतंकवादियों के खिलाफ भारत की कार्रवाई के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों और नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइलों की बौछार की. हालांकि, भारतीय बलों इनमें से अधिकांश को मार गिराया और इन हमलों को नाकाम कर दिया.
पाकिस्तानी हवाई ठिकानों को निशाना बनाया
इसके बाद भी जब पाकिस्तान ने नागरिकों पर अपना हमला जारी रखा, तो भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए देश के अंदरूनी इलाकों में हवाई ठिकानों को निशाना बनाया और हवाई पट्टियों सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया.
पाकिस्तानी मिराज जेट गिराया
बाद में पाकिस्तान के डीजीएमओ ने अपने भारतीय समकक्ष को फोन किया और शत्रुता खत्म करने का आग्रह किया. पिछले हफ़्ते भारतीय सेना ने कहा था कि उन्होंने कई पाकिस्तानी सैन्य विमानों को मार गिराया है. हालांकि, उन्होंने विमानों की संख्या नहीं बताई. उन्होंने सोमवार को पुष्टि की कि भारतीय सेना ने एक पाकिस्तानी मिराज जेट को मार गिराया था. शत्रुता के दौरान ड्यूटी के दौरान पांच भारतीय सैन्यकर्मी मारे गए.
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान की निंदा की
ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी कि भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा.पीएम मोदी ने 22 मिनट के संबोधन में कहा, “ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की नई नीति और न्याय के लिए हमारी अटूट प्रतिज्ञा है. हमने पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान को स्थगित रखा है और भविष्य उनके व्यवहार पर निर्भर करेगा.”
पीएम मोदी ने कहा कि भारत, सरकार द्वारा प्रायोजित आतंकवाद और आतंकवादियों के बीच अंतर नहीं करेगा. साथ ही उन्होंने किसी भी दुस्साहस की स्थिति में निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी दी. प्रधानमंत्री ने कहा, “पाकिस्तान के साथ कोई भी बातचीत केवल आतंकवाद और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर ही हो सकती है.”
ऑपरेशन सिंदूर
भारत के एयर मार्शल एके भारती ने सोमवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य आतंकवादियों को निशाना बनाना था, न कि पाकिस्तानी सेना से भिड़ना. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने सटीक हमलों के माध्यम से अपनी प्रभावशीलता का प्रदर्शन किया.
उन्होंने कहा, “हमारे काउंटर सिस्टम और ट्रेन एयर डिफेंस ऑपरेटर पूरी तरह से सक्षम हैं और हमारे देश की स्वदेशी क्षमता ने अपनी प्रभावशीलता साबित कर दी है. यह साबित हो चुका है कि चाहे कोई भी तकनीक उभरे, हम उसका मुकाबला करने के लिए तैयार हैं. इस बारे में बहुत अधिक बात करने की आवश्यकता नहीं है, आपने अपनी आंखों से देखा है कि हमने क्या परिणाम दिए हैं.











