छत्तीसगढ़ :– हर महीने की 7 तारीख को मनाया जाने वाला ‘चावल उत्सव’ इस बार तय समय पर आयोजित नहीं हो सका। सरकारी राशन दुकानों से इसी दिन चावल वितरण की परंपरा है, लेकिन 7 फरवरी को वितरण न होने से प्रदेश के लाखों जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग चावल के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए, यहां तक कि दूसरे गांवों की राशन दुकानों तक पहुंचे, फिर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
अब 20 फरवरी को होगा चावल उत्सव
मिली जानकारी के अनुसार फरवरी माह का चावल उत्सव अब 20 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। उसी दिन से राज्य की लगभग 14 हजार सरकारी राशन दुकानों में चावल का वितरण शुरू होगा। बताया जा रहा है कि फरवरी और मार्च—दोनों महीनों का चावल एक साथ वितरित किया जा सकता है।
एफआरके टेंडर में देरी बनी वजह
सूत्रों के मुताबिक सामान्य चावल में 1 प्रतिशत की मात्रा में फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) मिलाया जाता है, जिससे चावल पौष्टिक बनता है। इस बार एफआरके की आपूर्ति के टेंडर में देरी होने के कारण समय पर चावल उपलब्ध नहीं हो सका, जिसके चलते वितरण टालना पड़ा।
सर्वर समस्या से भी प्रभावित हुआ वितरण
खाद्य विभाग के सर्वर में तकनीकी खराबी की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सर्वर दिक्कतों के कारण कई स्थानों पर वितरण प्रक्रिया बाधित रही। इससे राशन पर निर्भर लाखों हितग्राहियों को असुविधा हुई।
आधी दुकानों में शुरू हुआ वितरण
जानकारी के अनुसार राज्य की करीब 14 हजार राशन दुकानों में से लगभग साढ़े 6 हजार दुकानों पर सीमित स्तर पर चावल वितरण शुरू हो चुका है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर 20 फरवरी से सभी दुकानों में नियमित वितरण शुरू करने की तैयारी है।













