नई दिल्ली : पेट साफ करने में कुछ फल आपकी मदद कर सकते हैं। आइए, जानते हैं इनके बारे में
पेट को साफ करेंगे ये फल
खानपान में गड़बड़ी और खराब लाइफस्टाइल की वजह से अक्सर पेट साफ करने में दिक्कत आती है। अगर सुबह पेट ठीक तरह से साफ न हो, तो इससे पूरा दिन खराब हो जाता है। लंबे समय तक पेट अच्छी तरह साफ न होने के कारण कब्ज और बवासीर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए डाइट में फाइबर युक्त फूड्स को शामिल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन केवल अनाज ही नहीं, बल्कि कई फलों में भी फाइबर भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। ये मल को नर्म बनाकर बाहर निकाल देते हैं। इससे कब्ज और अपच की समस्या दूर होती है। तो आइए, जानते हैं कुछ ऐसे फलों के बारे में, जो पेट साफ करने में आपकी मदद कर सकते हैं।
पपीता
पपीता पेट के लिए काफी फायदेमंद होता है। कब्ज की समस्या होने पर पपीता का सेवन जरूर करना चाहिए। इसमें पपैन नामक एंजाइम होता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करता है। नियमित रूप से रोजाना पपीते का सेवन करने से पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
सेब
सेब में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो मल त्याग को बढ़ावा देने में मदद करता है। इसमें पेक्टिन मौजूद होता है, जो बॉवेल मूवमेंट को बेहतर बनाकर कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है। सेब का सेवन हमेशा छिलका सहित करना चाहिए।
संतरा
अगर आपको कब्ज की समस्या है, तो आप संतरे को डाइट में जरूर शामिल करें। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसके सेवन से आंतों में जमा गंदगी बाहर निकल जाती है। साथ ही, इसमें नारिनजेनिन होता है, जो कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद कर सकता है।
नाशपाती
नाशपाती का सेवन करने से पेट साफ हो सकता है। इसमें ऐसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो पाचन क्रिया को सुधारने में मदद करते हैं। इसमें फाइबर, फ्रुक्टोज और सोरबिटोल जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो मल त्याग को बढ़ावा देने का काम करते हैं। इसके नियमित सेवन से कब्ज और पेट से जुड़ी अन्य समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
कीवी
कीवी में भरपूर मात्रा में पानी और फाइबर होता है, जो कब्ज से छुटकारा दिलाने में मदद करता है। इसमें एक्टिनिडिन नामक एंजाइम मौजूद होता है, जो प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है। साथ ही, पाचन और मल त्याग में मदद कर सकता है। इसके सेवन से पेट साफ करने में मदद मिल सकती है।











