सतना:- विंध्य पर्वत श्रृंखला में से एक त्रिकूट पर्वत की चोटी पर विराजमान मां शारदा का मैहर धाम विश्व प्रसिद्ध है। यहां हर वर्ष करोड़ों की संख्या में श्रद्धालू मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और अपनी मनोकामना मांगते हैं, ममतामयी मां सभी भक्तों की मनोकामना पूर्ण करती हैं। मां शारदा का यह मंदिर रहस्यों से भरा है।
विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी का मंदिर मध्यप्रदेश के सतना जिले के मैहर में है। यह मंदिर 52 शक्तिपीठों में से एक है, जो विंध्य पर्वत श्रेणी के मध्य त्रिकूट पर्वत पर स्थित है। ऐसी मान्यता है कि मां शारदा की प्रथम पूजा आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा की गई थी। इसका उल्लेख पुराणों में भी आया है। यहां आने वाले भक्त मां शारदा देवी के दर्शन के लिए 1063 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर तक पहुंचते हैं। आल्हा द्वारा आज भी हर दिन सुबह मां की प्रथम पूजा करने के अलग-अलग प्रमाण मंदिर में देखने को मिलते हैं।
आप भी शारदीय नवरात्रि में मां शारदा के पावन धाम मैहर की यात्रा पर जा रहे हैं तो मां को चढ़ावे के लिए पान, सुपारी, ध्वजा, नारियल का चढ़ावा लाना न भूलें। मंदिर के प्रधान ने बताया कि मां करुणामयी हैं। मां शारदा भक्तों की सम्पूर्ण मनोकामना पूर्ण करती हैं। माई के चरणों में पान, सुपारी, ध्वजा, नारियल का चढ़ावा सब से उत्तम है, माता इससे प्रसन्न होती हैं।