नई दिल्ली : 24 मार्च को होलिका दहन और 25 मार्च को रंगों की होली मनाई जा रही है। होली में लोग रंग खेलते हैं। गुलाल, अबीर जैसे सूखे रंगों के अलावा कई लोग गीले पक्के रंग से भी होली खेलते हैं। खासकर अगर घर में बच्चे हों तो पिचकारी में रंग भरकर एक दूसरे को गीला करके होली का आनंद उठाते हैं। अब त्योहार के मौके पर रंगों का उपयोग कर रहे हैं तो घर में गंदगी होना भी लाजमी है। गुलाल लगाते वक्त घर की फर्श या टाइल्स पर सूखा रंग गिर जाता है, जो जरा सा पानी पड़ने पर फैल कर जमीन को रंगीन कर देता है। वहीं अगर गीले रंग से होली खेली हो तो घर ज्यादा गंदा हो जाता है। रंग के दाग न छूटने का डर आपको खुलकर होली खेलने नहीं देते। बाद में सफाई के दौरान दाग साफ करने के जद्दोजहद परेशान कर देती है। ऐसे में होली के बाद घर की साफ सफाई के आसान तरीकों के बारे में यहां बताया जा रहा है, ताकि रंग या अन्य दाग धब्बों को आसानी से साफ किया जा सके।
फर्श पर लगा सूखा रंग कैसे साफ करें
होली के मौके पर रंग खेलने जा रहे हैं तो कई बार रंग के पैकेट को फाड़ते वक्त, या घर के अंदर रंग खेलते वक्त सूखा रंग गिर जाता है। सूखे रंग पर पानी पड़ जाए तो रंग फैल कर पूरे घर को गंदा करता है, साथ ही गीले रंग का दाग निकालने में मुश्किल हो सकती है। ऐसे में अगर सूखा रंग घर में कहीं गिर जाए तो नजर पड़ते ही सबसे पहले उसे झाड़ू से साफ कर दें ताकि यह फैले नहीं या गीला होने पर पक्का न हो जाए।
फर्श पर लगे गीले रंग को कैसे साफ करें
भले ही रंग खेलने बाहर जा रहे हैं लेकिन सूखे रंग पर पानी पड़ने या बच्चों की पिचकारी तैयार करते वक्त गीला रंग घर की फर्श को गंदा कर सकती है। इसके अलावा रंग खेलकर वापस घर लौटते वक्त बिना पैर साफ किए फर्श पर चलने के कारण रंग फर्श पर दाग छोड़ देता है। इसे साफ करने के लिए घर की फर्श पर लगे पक्के गीले रंग स्पंज की मदद से सोंख लें। बाद में रंग सूख जाने पर उसे पानी और बेकिंग पाउडर के मिश्रण से साफ कर लें। फिर स्पंज से साफ कर लें।
बिस्तर, पर्दे या सोफे पर लगा रंग कैसे साफ करें
लोग होली में रंग से पर्दे या सोफे को बचाने की कोशिश तो करते हैं लेकिन कई बार घर के अंदर पिचकारी से रंग खेलते हुए या शरीर में लगा रंग पर्दे पर छू जाने या फिर बच्चों के रंग खेलने के बाद नहाए बिना बिस्तर या सोफे पर बैठ जाने से रंग लग सकता है। गलती से गीला रंग पर्दे, सोफे के कवर या तकिए पर गिर भी सकता है। ऐसी स्थिति से परेशान न हों। बल्कि एक बाल्टी पानी में चार चम्मच सिरका डालकर रंग वाले कपड़े, चादर, पर्दा या कवर को 15 मिनट के लिए भिगो दें। फिर उसे धोकर निकाल लें। कुश पर रंग लग जाए तो काॅटन बाॅल पर सिरका या नींबू का रस लगाकर साफ कर सकते हैं।
फर्नीचर व दीवारों पर लगा रंग
गलती से दीवारों या फर्नीचर पर सूखा रंग गिर जाए तो आराम से उसे झाड़ू या सूखे कपड़े से साफ कर लें। अगर दीवार या फर्नीचर पर गीला रंग गिर जाए तो काॅटन बाॅल में एसीटोन को भिगोकर साफ कर लें।













