नारायणपुर: कांकेर-नारायणपुर सरहदी क्षेत्र में माओवादियो की उपस्थिति की सूचना पर संयुक्त पुलिस पार्टी को रवाना किया गया था. आज सुबह डीआरजी/बीएसएफ की संयुक्त पुलिस पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई. जिसमें सर्च ऑपरेशन के बाद जवानों ने 4 माओवादियों के शव व आटोमैटिक हथियार बरामद किए है. दोनों ओर से रुक रुककर फायरिंग जारी है.नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि माओवादियों के शीर्ष कैडर की उपस्थिति की सूचना पर 19 मार्च को नारायणपुर जिले से DRG और STF की संयुक्त टीम को अबूझमाड़ रवाना किया गया था. इसी दौरान मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ से पहले आईईडी ब्लास्ट भी हुआ जिसकी चपेट में आकर दो जवान घायल हुए.नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सर्चिंग अभियान के दौरान 20 मार्च की सुबह 3 बजे माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. ब्लास्ट के कारण 1 जवान और 1 अधिकारी के आंखों में धूल व मिट्टी चली गई
. जिसके बाद जवानों को तकलीफ होता देख उन्हें ऑपरेशन एरिया से बाहर निकला गया और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया. उपचार के बाद दोनों की स्थिति बेहतर है. जिला अस्पताल भेजा जा रहा है.बीजापुर दंतेवाड़ा बॉर्डर पर मुठभेड़: इधर बीजापुर दंतेवाड़ा बॉर्डर पर गंगालूर थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों के जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह 7 बजे से मुठभेड़ चल रही है. अब तक की जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में डीआरजी का जवान शहीद हो गया है. 18 नक्सलियों के शव जवानों ने बरामद किया है. भारी मात्रा में नक्सलियों के हथियार और गोलाबारूद भी मिले हैं. पूरा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.













