शिरडी: शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए साईं संस्थान ने बड़ा फैसला लिया है. साईं संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि शिरडी आने वाले श्रद्धालुओं को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदान किया जाएगा. यह बीमा उन श्रद्धालुओं पर लागू होगा जो साईं बाबा संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट http://online.sai.org.in पर दर्शन, भक्त निवास, अभिषेक पूजा और अन्य सेवाओं की बुकिंग करते हैं.
क्या है योजनाः गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद, घर से शिरडी तक की यात्रा के दौरान दुर्घटना होने पर प्रत्येक श्रद्धालु को 5 लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा. इस दुर्घटना बीमा योजना का क्रियान्वयन 30 मार्च से शुरू हो गया है. साईं भक्तों पर इसका कोई बोझ नहीं डाला जाएगा. इसके लिए संस्थान की ओर से बीमा कंपनी को एक वर्ष के लिए 48 लाख रुपये का भुगतान किया गया है. पिछले कुछ दिनों में भक्तों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं.
कैसे मिलेगा लाभः शिरडी का साईं मंदिर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं. गोरक्ष गाडिलकर ने बताया, “यह बीमा उन श्रद्धालुओं पर लागू होगा जो विभिन्न माध्यमों से दर्शन के लिए यहां आते हैं और साईं बाबा संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट http://online.sai.org.in पर दर्शन, भक्त निवास, अभिषेक पूजा और अन्य सेवाओं की बुकिंग करते हैं. ऑनलाइन बुकिंग के बाद घर से शिरडी तक की यात्रा के दौरान दुर्घटना होने पर प्रत्येक श्रद्धालु को 5 लाख रुपए का बीमा कवर मिलेगा.”
श्रद्धालुओं को होगी सुविधाः दुर्घटना बीमा योजना शुरू होने से श्रद्धालुओं को इस योजना से राहत मिलेगी. साईं संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं प्रदान की गई हैं. इस नई बीमा योजना से श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में आर्थिक राहत मिलेगी. साईं संस्थान के इस फैसले से श्रद्धालुओं में संतुष्टि का भाव पैदा होगा.













