नई दिल्ली: यात्रियों की मेडिकल संबंधी समस्याओं के कारण ट्रेन सर्विस के अतिरिक्त ठहराव और देरी को रोकने के लिए रेलवे ने व्यवस्था की है. इसके तहत यात्रियों को फोन कॉल पर डॉक्टरों कंसल्टेशन के साथ ट्रेन में कुछ बिना नॉन-प्रेस्क्रिप्शन के दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. ट्रेन में इन दवाओं की व्यवस्था करने में ट्रैवलिंग टिकट एग्जीमिनर (TTE) मदद करेंगे.
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने ईटीवी भारत को इस व्यवस्था और इसके पीछे के विचार के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पहले यात्रियों की छोटी-मोटी मेडिकल समस्याओं के कारण ट्रेनों को अतिरिक्त समय तक रोका जाता था, जिसके लिए ट्रेन सर्विस को लगभग 20 से 40 मिनट तक रोकना पड़ता था.
इस सुविधा को प्रयागराज मंडल में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था, जिसमें बुखार, खांसी, जुकाम और दर्द जैसी कुछ बुनियादी दवाएं (बिना डॉक्टर के पर्चे वाली) TTE को उपलब्ध कराई गई हैं.
TTE को दी गई बुनियादी ट्रेनिंग
कैटेगरी और गंभीर बीमारी के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए CPRO त्रिपाठी ने कहा, “इन टीटीई को दवाइयां देने के लिए बुनियादी ट्रेनिंग दी गई है, लेकिन यात्रियों से चिकित्सा संबंधी कॉल आने के तुरंत बाद उन्हें पहले डॉक्टरों से फोन पर परामर्श करना होगा और यात्री की स्थिति बतानी होगी. इसके बाद जैसा डॉक्टर सुझाएंगे, टीटीई उसे दवा देंगे.”
त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से दोनों ही तरह से बेहतर नतीजे मिले हैं, क्योंकि ट्रेन में होने वाली छोटी-मोटी मेडिकल समस्याओं का समाधान हो गया है और इससे ट्रेनों के रुकने की संख्या में कमी आई है. रेलवे ने प्रयागराज डिवीजन के बाद उत्तर मध्य रेलवे जोन और कुछ अन्य जोन में भी इस सुविधा का विस्तार किया है.
वर्तमान में समय लेने वाली प्रक्रिया
वर्तमान में मेडिकल सर्विस के लिए कॉल आने के बाद ट्रेनों को रोक दिया जाता है, जिसके बाद ट्रेन को फिर से शुरू करने में कम से कम 20 से 40 मिनट लगते हैं. त्रिपाठी ने कहा, “मेडिकल कॉल के दौरान ट्रेन को रोक दिया जाता है और स्टेशन से डॉक्टर को बुलाया जाता है, जिसके बाद यात्री की जांच की जाती है और उसे दवा दी जाती है या उसे पास के अस्पताल में ले जाया जाता है, जो समय लेने वाली प्रक्रिया है.” वर्तमान में, रेलवे यात्रा के दौरान किसी भी चिकित्सा चोट या आवश्यकता के लिए ट्रेनों में फर्स्ट ऐड बॉक्स प्रदान करता है. दूसरी स्थिति में टीटीई ट्रेन में डॉक्टर की व्यवस्था कर सकता है क्योंकि कई डॉक्टर अक्सर स्वेच्छा से अपनी सहमति देते हैं.
स्टेशनों पर PMBJ सेंटर
रेलवे मंत्रालय के अनुसार रेलवे अपने स्टेशनों पर सुविधाओं और सुख-सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रहा है और रेलवे स्टेशनों पर PMBJ सेंटर स्थापित कर रहा है.













