नई दिल्ली:– आज 27 को चैत्र नवरात्रि का आखिरी दिन यानी महानवमी है। इस महापर्व पर्व का समापन आज मां सिद्धिदात्री की पूजा के बाद हो जाएगा। इसके अलावा, पूरे देशभर में आज राम नवमी का पर्व भी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। हिन्दू धर्म में नवरात्रि के पर्व में महानवमी का विशेष महत्व होता है। नवरात्रि का महानवमी का दिन मां सिद्धिदात्री को समर्पित किया गया है।
चैत्र महानवमी पर गौरी योग का शुभ संयोग
ज्योतिषयों के अनुसार, आज महानवमी पर गौरी योग का शुभ संयोग बन रहा है। साथ ही, इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग का भी शुभ संयोग बनेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अगर आप आर्थिक बाधाओं, कर्ज, नजर दोष आदि समस्याओं का सामना कर रहे हैं तो इसके लिए नवमी तिथि पर सरल उपाय आजमा सकते हैं।
महानवमी के दिन करें ये महाउपाय
आर्थिक तंगी से मिलेगी निजात
अगर आप आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, तो आज नवमी के दिन मां दुर्गा की पूजा में 108 कमल के फूल या उनकी माला अर्पित करना शुभ माना जाता है। यदि कमल उपलब्ध न हो, तो गुड़हल के फूल भी चढ़ाए जा सकते हैं।
साथ ही कम से कम 108 बार “ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं महालक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप करें। मान्यता है कि अष्टमी या नवमी पर यह उपाय करने से धन संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और कर्ज से मुक्ति मिलने में भी सहायता मिलती है।
दांपत्य जीवन होगा खुशहाल
वैवाहिक जीवन में मधुरता और खुशहाली लाने के लिए नवमी की शाम प्रदोष काल में किसी मंदिर में श्रृंगार का सामान भेंट करना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही मां दुर्गा से सुखी दांपत्य जीवन और अटूट रिश्ते की प्रार्थना करें। मान्यता है कि इस उपाय को करने से वैवाहिक जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और पति-पत्नी के बीच प्रेम और समझ बढ़ती है।
करियर और नौकरी में मिलेगी तरक्की
करियर और नौकरी में तरक्की पाने के लिए आज नवमी के दिन हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करना लाभकारी साबित हो सकता है। सुबह जल्दी उठकर स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दें और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। मान्यता है कि इस उपाय को श्रद्धा से करने पर करियर की परेशानियां कम होती हैं, तरक्की के अवसर बढ़ते हैं और जीवन में सकारात्मकता आती है।
नजर दोष से होगा बचाव
नजर दोष से बचने के लिए चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि के दिन एक कच्चे नारियल को साफ लाल रंग के वस्त्र में लपेट लें। अब इसे अपने या जिसे भी नजर दोष हो उसके सिर पर से सात बार घुमाएं
फिर, नारियल को ले जाकर मंदिर के पास या चौराहे पर रख दें। इस उपाय को चुपचाप करना चाहिए। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस उपाय को करने से नजर दोष से बचाव होता है। साथ ही, नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है।













