रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी महिला की बेटी को संगीत सिखाने आता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अपनी बेटी के साथ अकेली रहती थी। शादी के कुछ साल बाद वह अपने पति से अलग हो गईं। उनकी बेटी संगीत सीखना चाहती थी, इसलिए उन्होंने कबीर चौक के नवापारा में रहने वाले संगीत शिक्षक प्रेमप्रकाश आदित्य से संपर्क किया।
छात्रा की मां को दिया शादी का वादा
प्रेमप्रकाश पहले नलवा स्कूल में संगीत अध्यापक था, वह महिला की बेटी को संगीत सिखाने के लिए उसके घर आने लगा। इसी दौरान उसका महिला से प्रेम संबंध हो गया। वह शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण करता रहा। आरोपी साल 2020 से महिला का यौन शोषण कर रहा था।
जब महिला ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो उसने साफ इनकार कर दिया। तब पीड़िता ने चक्रधरनगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी संगीत शिक्षक प्रेमप्रकाश आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ धारा 376 के तहत कार्रवाई की गई है।











