ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के बीचोबीच बहने वाले नाले में एक इंसान का धड़ मिलने से सनसनी फैल गई। जांच के दौरान पुलिस को मानव शरीर के कुछ टुकड़े मिले। हालांकि, धड़ से सिर भी गायब मिला। अज्ञात शव मिलने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, यह शव शहर के मध्य व्यस्त इलाके से निकलने वाले स्वर्णरेखा नाले में राम कुई के पास मिला है. यह इलाका जनकगंज थाना क्षेत्र में आता है। जहां राहगीरों ने नाले के कीचड़ में किसी के धड़ का टुकड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना जनकगंज थाने को दी। पुलिस टीम नगर निगम टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और कीचड़ में फंसे धड़ को बरामद किया, जिसमें केवल पेट का हिस्सा मौजूद था।
पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्वर्णरेखा नाले से शव का आधा धड़ कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शरीर के अन्य हिस्सों की जांच जारी रखी। शुक्रवार को भी पुलिस को उसी इलाके से कुछ मानव शरीर के अंग मिले थे।
आशंका है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटा गया और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए नाले में फेंक दिया गया। इसकी पहचान छुपाने के लिए इसे टुकड़ों में बांट दिया गया है। फिलहाल पुलिस जांच और शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश में जुटी हुई है।