*नेपाल:-* नेपाल के जाजरकोट में आए भूकंप ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है. इससे अब तक लगभग 157 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं. जाजरकोट का एक गांव ऐसा है, जिसको भूकंप का सबसे अधिक दंश झेलना पड़ता है. जाजरकोट के राउत गांव में भूकंप ने कहर ढाया है. यहां एक ही गांव से 32 लोगों की मौत हुई है और गांव के सैकड़ों घर तबाह हो चुके हैं. फिलहाल अब लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। 750 घरों और 1400 से ज्यादा लोगों की आबादी वाले नेपाल के राउत गांव की तस्वीर भूकंप की भयावहता बयां कर रही है. किसी का घर जमींदोज हुआ है तो किसी का पूरा परिवार भूकंप से हुई मौतों में तबाह हो गया है. आलम यह है कि अब सभी जिंदा बचे लोग नेपाल की सरकार की ओर मदद के लिए देख रहे हैं। राउत गांव पहाड़ों के बीच बसा है. जब यहां जमीन हिली, तब घरों की दीवार चटक गयी और एक ही घर के 6 लोग काल के गाल में समा गए. इस गांव में हर तरफ तबाही का मंजर है. भूकंप से पीड़ित लोगों ने जी मीडिया से बातचीत में अपनी दर्द भरी कहानी बयां की। नेपाल के गांव राउत में घरों के बाहर की दीवारें चटकी हुई हैं. कमरे मलबे में तब्दील हो चुके हैं. भूकंप की बदहाली झेल चुके यहां के लोग काफी परेशान हैं. पूरी रात यहां के लोग सड़क के किनारे सोते रहे. सुबह हुई तो मदद के लिए लोग पहुंचते नजर आए।











