रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज विधानसभा चुनाव 2023 के पहले चरण के लिए मतदान हो गया है। बस्तर संभाग के सभी सीटों के अलावा राजनांदगांव और कवर्धा जिलों के सीटों समेत कुल 20 सीटों पर वोटिंग की गई। इस बीच सुकमा, कांकेर और अन्य जिलों में मुठभेड़ और नक्सली के उत्पात की खबर सामने आई है।
सुकमा में दो अलग-अलग IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हुए हैं। वहीं कांकेर, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एनकाउंटर की 4 घटनाएं भी सामने आई हैं। सुकमा के मीनपा में मुठभेड़ जारी है। सूत्रों के मुताबिक, तीन जवान घायल हुए हैं।
कांकेर में हुई मुठभेड़ में AK -47 बरामद
कांकेर के बांदे क्षेत्र के माड़पखांजूर और उलिया के जंगल में बीएसएफऔर बस्तर फाइटर्स के जवानों से नक्सलियों की भिड़ंत हुई है। करीब आधा घंटा चली मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले। एक बड़े कैडर के नक्सली के घायल होने का दावा है। मौके से एके-47 रायफल बरामद की गई है। मुठभेड़ में एक किसान गोली लगने से घायल हुआ है।
वहीं मतदान के बीच बांदे क्षेत्र में अंतागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रूपसिंह पोटाई और निर्दलीय प्रत्याशी मंतुराम पवार को नक्सलियों ने धमकी दी है। नक्सलियों ने धमकी भरे पत्र भेजे हैं। इसमें जन अदालत में सजा देने का किया ऐलान किया है।
बीजापुर में नक्सली -पुलिस मुठभेड़
बीजापुर जिले के गंगालूर मार्ग के बीच भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है।केआरपीएफ 85 बटालियन के जवान एरिया डॉमिनेशन पर निकले थे। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के बाद नक्सलियों को 2-3 शव उठाकर भागते देखा गया है। मौके पर खून के धब्बे और घसीटने के निशान मिले हैं।
नक्सली मतदान केंद्र में कर रहे थे हमला
नारायणपुर में भी ओरछा के तादुर के जंगल में STF जवानों से हुई मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले।2 प्रेशर आईईडी बम बरामद दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर क्षेत्र में नक्सलियों ने मतदान दल को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी प्लांट किया था। इसे जवानों ने बरामद कर लिया है। मतदान दल की सुरक्षा में सीआरपीएफ 111 बटालियन सी कंपनी के जवानों को लगाया गया है। अरनपुर से सोमापारा के बीच जवानों ने 2 किलो की 2 प्रेशर आईईडी बरामद की है।