छत्तीसगढ़ :– राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से आने वाले दो दिन महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 8 जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों के साथ विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। इधर, सोमवार को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिनभर का कार्यक्रम तय है। वहीं रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में मानसून के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
8 जुलाई को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक
राज्य सरकार ने 8 जुलाई को कैबिनेट बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। बैठक में विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद की मुहर लग सकती है। सरकार की प्राथमिकता मानसून सत्र के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले विधायी और प्रशासनिक एजेंडे को अंतिम रूप देना रहेगा। बता दें कि 8 जुलाई की कैबिनेट बैठक में कई अहम सरकारी फैसलों पर मुहर लगने की संभावना। विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति तय होगी।
राजधानी रायपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमि पूजन कार्यक्रम में सहभागिता। दोपहर 3:15 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा आज
रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार सुबह 11 बजे निगम मुख्यालय में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता महापौर मीनल चौबे करेंगी। बैठक में मुख्य रूप से शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या, सफाई व्यवस्था की समीक्षा, नालों की सफाई और जल निकासी, मानसून के दौरान नागरिक सुविधाओं की स्थिति, अन्य शहरी विकास और जनहित से जुड़े मुद्दे इन विषयों पर चर्चा होगी। नगर निगम की इस बैठक में मानसून के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।







