छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ छठ महापर्व पर कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह दोनों छठ पूजा की सामग्री और प्रसाद से सजे सूप-दउरा लेकर घाट पहुंचे और जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
हर साल कुनकुरी में छठ मनाते हैं मुख्यमंत्री साय
पूजा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वह हर साल की तरह इस बार भी अपनी पत्नी के साथ छठ महापर्व मनाने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी पहुंचे हैं। यहां उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज छठ घाट का भूमि पूजन भी किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सभी के घरों में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।






