नई दिल्ली:–:देश में रोज़ाना करोड़ों यात्री ट्रेन के ज़रिए सफर करते हैं. नौकरी, पढ़ाई, कारोबार और पारिवारिक जरूरतों के लिए रेलवे आम लोगों की लाइफलाइन बना हुआ है. लेकिन इन दिनों दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण ठंड और कोहरा इस रफ्तार पर भारी पड़ रहा है. सुबह और रात के वक्त हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग जीरो तक पहुंच जा रही है.
इसका सीधा असर रेल संचालन पर पड़ा है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. बिहार, बंगाल और पंजाब जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है. कुछ ट्रेनें 28 फरवरी तक और कुछ मार्च के पहले हफ्ते तक कैंसिल रहेंगी. अगर आप अगले कुछ दिनों में कहीं सफर पर जाने वाले हैं तो यह खबर पढ़ लें.
इस रूट की ट्रेनें कैंसिल
कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट में पटना, हावड़ा, अमृतसर और आनंद विहार जैसे देश के सबसे व्यस्त रूट्स शामिल हैं. इसका मतलब है कि रोज़ हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं सीधे तौर पर प्रभावित होंगी. खासकर बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. क्योंकि इन रूट्स पर लंबी दूरी की बड़ी संख्या में ट्रेनें चलती हैं.
घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के चलते रेलवे ने यह फैसला पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया है. रेलवे की तरफ से यात्रियों को साफ सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस, कैंसिलेशन अपडेट और नया शेड्यूल जरूर चेक कर लें. ताकि आखिरी समय की भागदौड़ और परेशानी से बचा जा सके.
कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट
ट्रेन नंबर 15619/20 कामाख्या-गया एक्सप्रेस 24 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 14523/24 बरौनी-अम्बाला हरिहर एक्सप्रेस 26 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 12873/74 हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस 27 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 18103/04 टाटा-अमृतसर एक्सप्रेस 27 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 15621/22 आनंद विहार-कामाख्या एक्सप्रेस 27 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 12327/28 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस 28 फरवरी तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 22197/98 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-कोलकाता एक्सप्रेस 1 मार्च तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 15903/04 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 1 मार्च तक के लिए कैंसिल की गई
ट्रेन नंबर 14617/18 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस 2 मार्च तक के लिए कैंसिल की गई













