नई दिल्ली :– आने वाले सप्ताह में मौसम असामान्य रूप से गर्म रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सोमवार (9 मार्च) को राजधानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो पिछले करीब 15 वर्षों में इस समय के लिए काफी अधिक माना जा रहा है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। वहीं सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद बुधवार को तापमान 38 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। हालांकि सप्ताह के अंत तक कुछ राहत मिल सकती है और शुक्रवार व शनिवार को तापमान घटकर करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है।
यूपी के कई जिलों में बढ़ी गर्मी
उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी से कई जिलों में लोगों को परेशानी होने लगी है। बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिले हीट जोन की स्थिति में पहुंचते नजर आ रहे हैं। पिछले दो दिनों से झांसी में राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है, जहां हाल ही में पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बांदा में भी तापमान बढ़ने से गर्मी का असर साफ दिख रहा है और आने वाले दिनों में यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बिहार में आंधी-बारिश के आसार
दूसरी ओर बिहार के 32 जिलों में सोमवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के छह जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी बिहार के सात जिलों में भी आंधी-बारिश के आसार हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। मंगलवार को दक्षिण-पूर्वी भाग के पांच और उत्तर-पूर्वी भाग के सात जिलों में तथा बुधवार को उत्तर बिहार के 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
पड़ोसी राज्यों में भी बढ़ा तापमान
दिल्ली में बढ़ती गर्मी का असर आसपास के राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हिसार में राज्य का सबसे अधिक तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ी गर्मी
पहाड़ी राज्यों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। उत्तराखंड में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 17.8 डिग्री सेल्सियस हो गया है, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मौसमी औसत से करीब 5 डिग्री अधिक है।
जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई है। जम्मू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 4.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.6 डिग्री ज्यादा है।












