छत्तीसगढ़:– जिले के किसानों के लिए धान बेचने की राह अब पहले से आसान होने की उम्मीद है। जिले में छह नए धान खरीदी केंद्र खोलने का ऐलान किया गया है. बुड़दी, बड़ेशेट्टी, हमीरगढ़, गोरली, भेज्जी और चिंतलनार में नए केंद्र प्रस्तावित हैं। इन केंद्रों से आसपास के कई गांवों के किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।
अब किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे उपज के परिवहन में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं। किसानों की लंबे समय से मांग थी कि उनके गांवों के आसपास ही खरीदी की सुविधा मिले। इसी समस्या को लेकर विधायक कवासी लखमा ने खाद्य मंत्री के समक्ष मांग रखी थी।
अब छह नए केंद्रों की घोषणा के बाद किसानों को खरीदी व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है. दूरस्थ इलाकों में केंद्र खुलने से धान परिवहन की परेशानी भी कम होगी। हालांकि किसानों को वास्तविक राहत केंद्रों के समय पर शुरू होने और सुचारु संचालन के बाद ही मिल सकेगी।









