भोपाल। मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर बने वेदर सिस्टम के असर से मध्यप्रदेश के तीन संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं।
आज से हवा के रुख में फिर बदलाव होने से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट होने लगेगी। वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
इसके असर से पश्चिमी राजस्थान पर एक प्रेरक चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवा का रुख पश्चिमी होने से प्रदेश में दिन एवं रात के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना हुआ है। यही कारण है कि बीते चौबीस घंटे में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री से अधिक रहा।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना बनी हुई है। जिसके चलते आज चंबल, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।