छत्तीसगढ़ :– एक बार फिर सियासी माहौल गर्माने वाला है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। इस राष्ट्रीय आंदोलन की शुरुआत धमतरी जिले के कुरूद से होगी, जहाँ पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
कुरूद में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ी
अभियान की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने शुक्रवार को कुरूद का दौरा किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने खेल मेला मैदान, अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम और नई मंडी क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। पार्टी का लक्ष्य है कि मार्च के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित यह सभा ऐतिहासिक बने और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हों।
रणनीति के तहत चुना गया कुरूद
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कुरूद एक कृषि प्रधान और ग्रामीण बहुल इलाका है, जहाँ मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ऐसे में यहां से आंदोलन शुरू कर कांग्रेस सीधे मजदूरों और किसानों के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाना चाहती है।
इन मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरेगी कांग्रेस
मनरेगा के बजट में लगातार कटौती का आरोप
मजदूरी भुगतान में देरी और तकनीकी समस्याओं पर सवाल
ग्रामीण रोजगार के अधिकार को कमजोर करने का मुद्दा
संगठन पूरी तरह मैदान में
कांग्रेस ने साफ किया है कि यह अभियान केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के खिलाफ निर्णायक राजनीतिक संदेश होगा। तैयारियों में जिला अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, नीलम चंद्राकर और स्थानीय ब्लॉक अध्यक्ष जुटे हुए हैं। गांव-गांव में पीले चावल बांटकर लोगों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है, ताकि कुरूद की धरती से उठी आवाज पूरे देश में सुनी जा सके।













