छत्तीसगढ़:- साय कैबिनेट के अहम फैसले
- छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद ने पूर्व अग्निवीर सैनिकों के अनुभव और दक्षता का लाभ राज्य की सेवाओं में लेने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत पूर्व अग्निवीरों के लिए गृह विभाग में आरक्षक के कुल 36 पदों पर उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध भर्ती की अनुमति प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा पूर्व अग्निवीरों के लिए इन पदों पर 10 प्रतिशत श्रेणीवार आरक्षण का प्रावधान पहले ही किया जा चुका है।
- मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ”आप सभी को शारदीय नवरात्रि की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस शुभ अवसर पर एक शुभ प्रस्ताव आज हमारी मंत्रिपरिषद ने पारित किया है।”
राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर चर्चा
बैठक में राज्य स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव तीन दिवसीय आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही 22 और 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर प्रवास तथा ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में उनकी सहभागिता को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।






