त्रिशूर: केरल के त्रिशूर में वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी के काफिले को रोकने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी. इस घटना के सिलसिले में एलानाडू निवासी अनीश अब्राहम को मन्नुथी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
बाद में यूट्यूबर अनीश को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया. हालांकि, उसकी कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है. यह घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे मन्नुथी बाईपास जंक्शन पर हुई, जब प्रियंका गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मलप्पुरम के वंडूर से कोच्चि हवाई अड्डे के लिए जा रही थीं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर वायनाड से सांसद की सुरक्षा में शामिल वाहन के हॉर्न बजाने से नाराज होकर अपनी कार काफिले के सामने रोक दी. जब मन्नुथी के सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस दल ने अवरोध को हटाने का प्रयास किया, तो वह कथित तौर पर उनसे झगड़ा करने लगा.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानबूझकर काफिले में घुसने, लोगों की जान खतरे में डालने और पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.













