छत्तीसगढ़ :– सरकार ने तकनीकी शिक्षा और डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 1 जुलाई तय की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 जुलाई 2026 कर दिया गया है। इससे इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
IIIT-नवा रायपुर में एम.टेक. करने का अवसर
फेलोशिप के तहत चयनित उम्मीदवारों को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) नवा रायपुर में एम.टेक. (डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम में अध्ययन का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उभरती हुई तकनीकों में उच्च स्तरीय शिक्षा और विशेषज्ञता प्रदान करना है।
हर महीने मिलेगी 50 हजार रुपये की फेलोशिप
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान प्रति माह 50 हजार रुपये की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। साथ ही एम.टेक. कोर्स की पूरी ट्यूशन फीस का भुगतान राज्य सरकार करेगी, जिससे छात्रों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और वे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे सकेंगे।
सरकारी डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर मिलेगा काम करने का मौका
इस फेलोशिप की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं मिलेगी, बल्कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में संचालित डिजिटल और तकनीकी परियोजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इससे उन्हें डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और वे शासन की नवाचार आधारित योजनाओं में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी कर सकते हैं आवेदन
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी IIIT-नवा रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा कार्यालयीन समय में 0771-2474048 और 0771-2474182 पर संपर्क कर भी विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।






