छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से अपील की कि वे बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को भी डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने में क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दे सकती है और उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ खिंचवाई सेल्फी, पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान, यहां की लोकसंस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।






