छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहाँ प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिले। हमारी सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। साथ ही श्संविधान से सुशासन तक रू बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़श् पुस्तक का विमोचन किया।
संविधान ने हर नागरिक को दिया समान अधिकार और आगे बढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में उपलब्ध समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए हुए संघर्षों को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार हमारे संविधान की अमूल्य देन हैं। उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी श्री नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। इस दौरान परिवार को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।
समान नागरिक संहिता से सुरक्षित रहेंगी जनजातीय परंपराएँ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।






