छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन प्रारंभ हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से सुदूर गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
औद्योगिक निवेश से छत्तीसगढ़ को मिल रही नई आर्थिक पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। लगभग 50 प्रतिशत निवेश परियोजनाएं आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश और कारोबार को सुगम बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। दो जनविश्वास अधिनियमों के माध्यम से दंडात्मक प्रावधानों में संशोधन किया गया है। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई तथा देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं।
रोजगार के साथ उद्यमिता और नवाचार को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमी और रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के अंतर्गत पांच हजार स्टार्टअप प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है।
आधुनिक शिक्षा और कौशल विकास से तैयार हो रही नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत प्रदेश की 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है, जहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। नाइलिट, निफ्ट, नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है।






