कल की बड़ी खबर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर से जुड़ी रही। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 209 रुपए का इजाफा किया गया। इसके अलावा एक और बड़ी खबर यह रही कि सरकार ने सितंबर में GST से ₹1.63 लाख करोड़ कमाए हैं।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर …
शेयर बाजार आज यानी सोमवार (2 अक्टूबर) को गांधी जयंती के अवसर पर बंद रहेगा। पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार (29 सितंबर) को बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 320 अंक की तेजी के साथ 65,828 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 114 अंक की तेजी रही, यह 19,638 के स्तर पर बंद हुआ था।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। एक साल से ज्यादा समय से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बदले हैं।