मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर विवादास्पद टिप्पणी कर फंसे स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को मुंबई पुलिस ने नोटिस जारी किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कामरा को उनके खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए खार पुलिस थाने में पेश होने के लिए कहा गया है. एक अधिकारी ने कहा, “हमने कामरा के खिलाफ मामले की जांच शुरू होने पर उन्हें प्रारंभिक नोटिस जारी किया है.”सोमवार को शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री शिंदे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी करने के आरोप में कामरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.36 वर्षीय कॉमेडियन कामरा ने अपने शो में शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के राजनीतिक करियर पर विवादास्पद टिप्पणी की थी, जिसको लेकर विवाद हो गया है. शिवसेना के नेताओं ने धमकी दी है कि अगर कुणाल कामरा अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें दोबारा कॉमेडी शो करने नहीं दिया जाएगा
.जांच में सहयोग करने को तैयार कामराहालांकि, कुणाल कामरा ने अपनी टिप्पणी का सही ठहराते हुए माफी मांगने से इनकार कर दिया है. कामरा का कहना है कि वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने एक्स पर साझा किए गए एक बयान में कहा कि नेताओं और राजनीतिक व्यवस्था के सर्कस का मजाक उड़ाना कानून के खिलाफ नहीं है. हालांकि, मैं अपने खिलाफ की गई किसी भी वैध कार्रवाई के लिए पुलिस और अदालतों के साथ सहयोग करने को तैयार हूं.
हैबिटेट क्लब में तोड़फोड़कुणाल कामरा का वीडियो सामने आने के बाद रविवार रात को शिवसेना समर्थकों ने खार के यूनिकॉन्टिनेंटल होटल के द हैबिटेट क्लब में तोड़फोड़ की थी, जहां शो का आयोजन हुआ था. इस मामले में शिवसेना की युवा सेना के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सोमवार को ही राहुल कनाल समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, सभी आरोपियों को उसी दिन अदालत से जमानत मिल गई थी.








