नई दिल्ली:– चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर आज पूरे देश में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। अयोध्या के भव्य राम जन्मभूमि मंदिर में दोपहर 12 बजे रामलला का दिव्य ‘सूर्य तिलक’ किया जाएगा, जिसमें सूर्य की किरणें सीधे भगवान राम के मस्तक पर पड़ेंगी और यह अलौकिक दृश्य करीब चार मिनट तक बना रहेगा। इस खास क्षण को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं।
रामनवमी के इस पावन पर्व पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और शोभायात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हर ओर श्रद्धा और भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। अयोध्या में इस ऐतिहासिक सूर्य तिलक को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।
यह अवसर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा की भव्यता को भी दर्शाता है, जहां करोड़ों लोग प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मना रहे हैं।













