छत्तीसगढ़ :– माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा समाप्त होने के बाद वर्तमान में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। इसी बीच बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को फर्जी फोन कॉल से सावधान रहने की अपील की है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बताया कि पूर्व वर्षों 2024 और 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर छात्रों और पालकों को फर्जी फोन कॉल किए गए थे। इन कॉल के जरिए परीक्षा परिणाम में सुधार कराने अथवा अंक बढ़वाने के नाम पर अनुचित मांग की गई थी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने अथवा विद्यार्थी को उत्तीर्ण कराने के नाम पर फोन कॉल या किसी अन्य माध्यम से संपर्क किया जाता है, तो ऐसे भ्रामक और फर्जी कॉल पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।
फर्जी कॉल की सूचना पुलिस को दें
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे फर्जी कॉल आने पर संबंधित व्यक्ति के झांसे में न आएं। फर्जी कॉल के संबंध में अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
मंडल ने साफ किया है कि इस प्रकार के फर्जी कॉल का छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से कोई संबंध नहीं है। विद्यार्थियों और अभिभावकों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की ठगी से बचने की अपील की गई है।










